मध्य प्रदेशराज्य

सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत : एक युवक घायल,मेडिकल कालेज जबलपुर रेफर

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बरोदा माल निवासी अक्तू लाल कन्हेरिया (64) मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एक युवक रविंद्र कुलस्ते के साथ साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। दोनों जैसे ही बरोदा पटरी ग्राम के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों साइकिल सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने अक्तू लाल कन्हेरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल युवक रविंद्र कुलस्ते की हालत को गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि हादसा वाहन चालक की लापरवाही और तेज गति के कारण हुआ। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button