नया ठेका लागू, फिर भी नहीं रूकी शराब की अवैध बिक्री पुलिस ने शुरू की मुहिम, कैमोर में 60 हजार की अंग्रेजी शराब जब्त

कटनी, यशभारत। जिले में शराब का नया ठेका लागू होने के बाद भी अवैध शराब की बिक्री पर लगाम नहीं लग पा रही है। शहर से लेकर देहात तक खुलेआम अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। गांव-गांव पैकारियां भी संचालित हो रही है, जिससे ग्रामीण परेशान है। लगातार शिकायतों के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष व्याप्त है। इस सबके बीच पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में कैमोर, बहोरीबंद और उमरियापान थाना क्षेत्रों में पुलिस ने घेराबंदी कर भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। सबसे बड़ी कार्रवाई कैमोर में हुई, जहां एक बाड़ी में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई। अवैध शराब की तस्करी की पुख्ता सूचना पर कैमोर पुलिस ने मेहगांव स्थित मीना खरबंदा की बाड़ी में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शिवम गुरुंग नामक युवक को घेराबंदी कर दबोचा। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 72 लीटर अंग्रेजी गोवा शराब बरामद हुई। जब्त की गई शराब की कुल बाजार कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि इतनी बड़ी खेप कहां खपाने की तैयारी थी।
टावर के पास शराब के साथ युवक गिरफ्तार
बहोरीबंद थाना क्षेत्र के बिछियाकाप में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर टावर के पास दबिश दी। यहां राज राजपूत 20 वर्ष को अवैध रूप से हाथ भट्टी की बनी महुआ शराब बेचते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 5 लीटर कच्ची शराब जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 1 हजार रूपए आंकी गई है। प्रधान आरक्षक सुनील बागरी ने आरोपी के खिलाफ 34(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
बनहरी में 19 पाव देशी मसाला शराब जब्त
उमरियापान पुलिस ने भी अवैध शराब के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ग्राम बनहरी में कार्रवाई की। यहां अरविंद कुमार पटेल को अवैध रूप से शराब का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 19 पाव देशी मदिरा मसाला बरामद हुई, जिसकी कीमत 19 सौ रूपए आंकी गई है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।







