मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड में पंखे में आग से हड़कंप,सतर्कता से टला बड़ा हादसा
अस्पताल की लापरवाही या तकनीकी खामी?

जबलपुर,यशभारत। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बच्चा वार्ड में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वार्ड के बाहर स्थित वेटिंग एरिया में लगे पंखे में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे धुआं पूरे वार्ड में फैल गया। घटना के बाद वहां मौजूद बच्चों के परिजनों में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही एहतियातन दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, हालांकि अस्पताल स्टाफ की तत्परता से स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया। मौजूद डॉक्टरों ने तुरंत पंखे का कनेक्शन अलग कर आग को फैलने से रोका, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. अरविंद शर्मा के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण पंखे में आग लगी थी, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और अस्पताल की विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बच्चा वार्ड के पास 8 अगस्त 2022 को भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें 40 से अधिक बच्चों को सुरक्षित बचाया गया था। उस घटना के बाद भी सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठे थे। ताजा घटना ने एक बार फिर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर चिंता बढ़ा दी है।






