धार-पीथमपुर रेल लाइन शुरू होने के करीब

धार-पीथमपुर रेल लाइन शुरू होने के करीब
भोपाल, यश भारत । वर्षों से जिस पल का इंतजार किया जा रहा था, अब वह हकीकत बनने के बेहद करीब है। इंदौर-दाहोद रेल परियोजना में अहम प्रगति दर्ज करते हुए पीथमपुर से धार के बीच बिछाई गई नई रेल पटरी अब अंतिम परीक्षण के दौर में प्रवेश करने जा रही है।
रेलवे विभाग 23 से 26 मार्च के बीच करीब 40 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक पर टॉवर वेगन के जरिए निरीक्षण करेगा। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक ट्रॉली को पटरी पर चलाकर उसकी मजबूती, संतुलन और गुणवत्ता की बारीकी से जांच की जाएगी। यह प्रक्रिया इस रूट पर सुरक्षित और सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
जैसे ही ट्रायल की खबर सामने आई, धार, पीथमपुर और आसपास के इलाकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। लोगों की उम्मीदें अब परवान चढ़ने लगी हैं। वर्षों से अधूरी पड़ी इस परियोजना को अब रफ्तार मिलती दिख रही है, जिससे क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस रेल लाइन के शुरू होते ही न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। खासकर पीथमपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्र को इसका सीधा लाभ मिलेगा, जिससे पूरे मालवा अंचल की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
अब सबकी निगाहें उस ऐतिहासिक दिन पर टिकी हैं, जब इस ट्रैक पर इंजन दौड़ेगा और धार-पीथमपुर के बीच रेल सेवा की नई शुरुआत होगी। यह सिर्फ एक रेल लाइन नहीं, बल्कि क्षेत्र के सपनों और विकास की नई पटरी है, जिस पर अब जल्द ही तरक्की दौड़ती नजर आएगी।







