भोपाल की 82 शराब दुकानों के लिए आज होगी टेंडर प्रक्रिया

भोपाल की 82 शराब दुकानों के लिए आज होगी टेंडर प्रक्रिया
– 1374 करोड़ से अधिक रिजर्व प्राइस
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल में शेष बची 82 कम्पोजिट शराब दुकानों के आवंटन के लिए मंगलवार को टेंडर प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। आबकारी विभाग द्वारा इन दुकानों को 34 ग्रुप में विभाजित किया गया है, जिनका कुल आरक्षित मूल्य 1374.86 करोड़ रुपए से अधिक निर्धारित किया गया है।
जानकारी के अनुसार जिले में कुल 87 कम्पोजिट शराब दुकानें हैं, जिनमें से एक ग्रुप पहले ही 5 दुकानें लगभग 97 करोड़ रुपए में ले चुका है। शेष 82 दुकानों के लिए आज सुबह 10 बजे से टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी, जो देर शाम तक जारी रहेगी। इस दौरान टेंडर जमा करने से लेकर उन्हें समिति के समक्ष खोलने की पूरी प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
इस बार आबकारी विभाग ने ठेकों के ग्रुप में बड़ा बदलाव किया है। पहले जहां दुकानों को 4 ग्रुप में बांटा जाता था, वहीं इस बार छोटे और नए कारोबारियों को मौका देने के उद्देश्य से ग्रुप की संख्या बढ़ाकर 35 कर दी गई है। हालांकि वर्तमान प्रक्रिया में 34 ग्रुप के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले दो बार टेंडर प्रक्रिया आयोजित की जा चुकी है, लेकिन बड़े कारोबारियों की मोनोपॉली के कारण प्रक्रिया सफल नहीं हो सकी थी। इसके बाद विभाग ने रणनीति बदलते हुए ग्रुप की संख्या 29 से बढ़ाकर 35 कर दी, ताकि प्रतिस्पर्धा बढ़े और अधिक प्रतिभागी सामने आएं।
टेंडर प्रक्रिया से पहले सहायक आबकारी आयुक्त कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता भोपाल यशवंत बनौरा ने की। इस बैठक में सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ सहित जिले के संभावित टेंडरदाताओं ने भाग लिया। बैठक में पुनर्गठित ग्रुपों की जानकारी दी गई और प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस बार ठेकों की कीमत में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में शराब दुकानों की नीलामी 1193 करोड़ रुपए से अधिक में हुई थी, जो निर्धारित लक्ष्य से करीब 11 प्रतिशत अधिक थी। इस वर्ष के लिए आरक्षित मूल्य को बढ़ाकर 1432 करोड़ रुपए तक रखा गया था, जबकि वर्तमान प्रक्रिया में 1374.86 करोड़ रुपए का रिजर्व प्राइस तय किया गया है।







