जिला बदर बदमाश को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 17 मामले हैं दर्ज

जिला बदर बदमाश को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 17 मामले हैं दर्ज
भोपाल, यशभारत। राजधानी की शाहजहाँनाबाद पुलिस ने एक शातिर जिला बदर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी किशन चंडालिया उर्फ चोटी, जिसे पुलिस आयुक्त न्यायालय ने एक साल के लिए शहर से निष्कासित किया था, आदेश का उल्लंघन कर भोपाल की सीमा में घूम रहा था। पुलिस ने उसे हमीदिया अस्पताल के सामने घेराबंदी कर दबोचा।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी
थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश पाल सिंह चौहान ने बताया कि सूचना मिली थी कि आदतन अपराधी किशन चंडालिया (22 वर्ष), निवासी बाजपेयी नगर, इमामीगेट के पास एक बैटरी ऑटो में बैठा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुच कर उसे हिरासत में लिया।
एक साल के लिए हुआ था जिला बदर
पुलिस के अनुसार, किशन चंडालिया एक आदतन अपराधी है जिसके विरुद्ध थाना शाहजहाँनाबाद और क्राइम ब्रांच में चोरी, मारपीट और अड़ीबाजी जैसे कुल 17 गंभीर मामले दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त नगरीय भोपाल द्वारा 16 फरवरी 2026 को उसे भोपाल सहित विदिशा, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम और रायसेन की राजस्व सीमाओं से 01 वर्ष के लिए निष्कासित किया गया था।







