जबलपुरमध्य प्रदेश

जमतरा में बड़ा हादसा; सेंट एलॉयसिस कॉलेज के दो छात्र नदी के भंवर में डूबे, 48 घंटे बाद भी सुराग नहीं

जबलपुर यश भारत । जमतरा घाट पर पिकनिक मनाने और नहाने का उत्साह उस वक्त मातम में बदल गया, जब सेंट एलॉयसिस कॉलेज के दो होनहार छात्र नदी की गहराई में समा गए। घटना बीते 13 मार्च की है, जब कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र एडविन जॉर्ज और जॉनी इक्का अपने साथियों के साथ जमतरा पहुंचे थे। पानी में नहाने के दौरान दोनों छात्र अचानक नदी के एक तेज भंवर की चपेट में आ गए और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए।

गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और गोताखोरों की टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया था। पिछले दो दिनों से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन नदी की गहराई और कठिन भौगोलिक स्थिति के कारण अभी तक दोनों छात्रों का कोई पता नहीं चल सका है। 48 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी छात्रों का सुराग न मिलना प्रशासन और परिजनों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक एडविन जॉर्ज 23 वर्ष और जॉनी इक्का 23 वर्ष दोनों ही कॉलेज के हॉस्टल में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे थे। इस दुखद खबर के बाद कॉलेज परिसर और हॉस्टल में सन्नाटा पसरा हुआ है और साथी छात्र गहरे सदमे में हैं। पुलिस प्रशासन ने लापता छात्रों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और रेस्क्यू अभियान को और तेज कर दिया गया है। जमतरा के इस खतरनाक भंवर वाले क्षेत्र में पहले भी हादसे हो चुके हैं, जिससे अब स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button