
लोक अदालत में रिकॉर्ड वसूली: नगर निगम ने तोड़ा अपना ही कीर्तिमान
जबलपुर, यश भारत। नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की लोक अदालत में राजस्व वसूली का नया इतिहास रच दिया है। इस वर्ष लोक अदालत में 15 करोड़ 96 लाख रुपये की वसूली कर निगम ने पिछले वर्ष का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। मार्च 2025 की लोक अदालत में जहां 7 करोड़ 22 लाख रुपये की वसूली हुई थी, वहीं इस बार यह आंकड़ा 220 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी के साथ दोगुने से भी ज्यादा हो गया।
टीम वर्क और जनता के सहयोग से मिली सफलता
इस उपलब्धि पर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, राजस्व प्रभारी डॉ. सुभाष तिवारी और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने निगम की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों की मेहनत और शहरवासियों की जागरूकता के कारण ही राजस्व वसूली में यह ऐतिहासिक सफलता संभव हो पाई है।
15 से 31 मार्च तक वसूली का विशेष अभियान
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि लोक अदालत के बाद अब निगम प्रशासन शत-प्रतिशत वसूली के लक्ष्य के साथ विशेष अभियान शुरू कर रहा है। 15 मार्च से 31 मार्च तक निगम का पूरा अमला बकाया करों की वसूली के लिए मैदान में उतरेगा और करदाताओं को भुगतान के लिए प्रेरित करेगा।
1 अप्रैल से लगेगा डबल अधिभार
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च तक बकाया टैक्स जमा नहीं करने पर 1 अप्रैल से डबल अधिभार लागू होगा। इसलिए करदाताओं से अपील की गई है कि वे समय रहते अपने बकाया करों का भुगतान कर दें, ताकि अतिरिक्त जुर्माने और वैधानिक कार्रवाई से बचा जा सके।







