जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

बरगी क्रूज हादसा: पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के बयान दर्ज, आयोग ने तेज की जाँच 

बरगी क्रूज हादसा: पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के बयान दर्ज, आयोग ने तेज की जाँच

जबलपुर, यश भारत। बरगी क्रूज हादसे की जांच कर रहे आयोग ने जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए अब तक 15 से 20 लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। आयोग के अध्यक्ष रिटायर्ड जस्टिस संजीव द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच फिलहाल शुरुआती लेकिन महत्वपूर्ण चरण में है और सभी तथ्यों को गंभीरता से एकत्र किया जा रहा है।

आयोग के अनुसार जिन लोगों के बयान पहले दर्ज किए जा चुके थे, उन्हें भी जांच रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर कुछ संबंधित व्यक्तियों को दोबारा बुलाकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण तथ्य को जांच से बाहर न रखा जाए।

जांच के दौरान पर्यटन विभाग के सचिव इलैया राजा और मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक दिलीप यादव के भी बयान दर्ज किए गए हैं। दोनों अधिकारियों से क्रूज संचालन की अनुमति प्रक्रिया, सुरक्षा मानकों के पालन, मौसम संबंधी अलर्ट और हादसे के समय प्रशासनिक तैयारियों को लेकर विस्तार से सवाल किए गए।

रिटायर्ड जस्टिस संजीव द्विवेदी ने कहा कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, क्योंकि जांच अभी जारी है और सभी संबंधित पक्षों को सुना जाना बाकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्य अंतिम रिपोर्ट का हिस्सा बनाए जाएंगे।

आयोग ने यह भी बताया कि प्रदेश में संचालित 15 वाटर स्पोर्ट्स और 5 क्रूज स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सिफारिशें तैयार की जा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button