अब गैस सिलेंडर भी चुरा रहे हैं चोर
महाराष्ट्र के अस्पताल के रसोईघर से भी सिलेंडर चोरी

अब गैस सिलेंडर भी चुरा रहे हैं चोर
महाराष्ट्र के अस्पताल के रसोईघर से भी सिलेंडर चोरी
बुलढाणा, यश भारत देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की कमी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिससे भारी असंतोष फैल रहा है। इस बीच महंगी वस्तुएं चुराने वाले चोर भी सिलेंडर चोरी करने लगे हैं। ऐसी ही एक घटना महाराष्ट्र में देखने को मिली।
इस अफरातफरी के बीच एक चौंकाने वाली घटना महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से सामने आई है। यहां शहर के क्षय आरोग्यधाम (टीबी अस्पताल) के रसोईघर से भरा हुआ गैस सिलेंडर चोरी हो गया। चोरों ने रसोईघर का दरवाजा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया और सिलेंडर के साथ कुछ अन्य सामान भी उठा ले गए। जानकारी के अनुसार रसोईघर में कुल 17 सिलेंडर रखे थे, जिनमें से एक सिलेंडर चोरी कर लिया गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अस्पतालों के कैंटीन संचालक भी सतर्क हो गए हैं।
उधर धाराशिव जिले में प्रशासन का दावा है कि गैस की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है, लेकिन दूसरी ओर घर-घर गैस वितरण सेवा बंद होने से स्थिति उलझ गई है। इसके कारण गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
लगातार तीसरे दिन एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हालांकि सरकार का कहना है कि गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है और प्राथमिकता के आधार पर उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।







