कभी रिमझिम तो कभी झमाझम बारिश का दौर कीचड़ और गंदगी सड़कों पर पटी,
अगले दो-तीन दिन बारिश के आसार

जबलपुर। यशभारत। बंगाल की खाड़ी से लगातार बन रहे मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से जबलपुर में बारिश का दौर जारी है। सोमवार देर शाम से शुरू हुई रिमझिम बारिश मंगलवार को कभी तेज तो कभी धीमी होती रही। पिछले 24 घंटों में 54.9 मिमी यानी करीब दो इंच बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नालियां उफनीं, सड़कों पर पसरी गंदगी
सुबह हुई तेज बारिश से स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी हुई, वहीं दिनभर रुक-रुककर होती बारिश ने बाजारों की रौनक भी प्रभावित की। केसरवानी कॉलेज के पास लोहिया पुल का नाला उफन गया। जामदार अस्पताल के सामने और गोलबाजार क्षेत्र में नालियां उफनने से पानी सड़कों पर आ गया। बल्देवबाग से उखरी मार्ग पर नाले का कचरा सड़क पर फैल गया और करीब एक से डेढ़ फीट पानी जमा रहा। चेरीताल, जानकी नगर और गुजराती कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में भी जलभराव और कीचड़ से लोग परेशान रहे। सीवर लाइन के लिए खोदी गई कई सड़कें अब तक दुरुस्त नहीं होने से बारिश में लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
अगले दो-तीन दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक जबलपुर में कभी रिमझिम तो कभी झमाझम बारिश का दौर जारी रह सकता है। अगले 24 घंटों में जबलपुर, ग्वालियर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की चेतावनी है।पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह हवा में नमी 98 और शाम को 87 प्रतिशत रही। 1 जून से अब तक कुल 586.1 मिमी यानी करीब साढ़े 22 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है।







