मनेरी अग्निकांड पर पाया गया काबू: बरेला और निवास की दमकलों ने टाली बड़ी अनहोनी; सुरक्षित बचा पास में स्थित IOC डिपो

जबलपुर यश भारत । मंडला जिले के मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात को मची अफरा-तफरी के बाद अब राहत की खबर सामने आई है। क्षेत्र स्थित एक टायर फैक्ट्री में रात लगभग 8:30 बजे लगी भीषण आग पर दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की और मंडला जिले के निवास के साथ-साथ जबलपुर जिले के बरेला से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया था। समय रहते दमकल गाड़ियों के पहुंचने से आग को और फैलने से रोक लिया गया।
मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के रीजनल डायरेक्टर अनिल राठौर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस भीषण अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो एक बड़ी राहत की बात है। हालांकि, आर्थिक नुकसान का आकलन अभी किया जाना बाकी है। जांच में यह भी सामने आया कि जिस टायर फैक्ट्री में आग लगी थी, वह इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) के डिपो से महज 700 मीटर की दूरी पर स्थित है। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो स्थिति बेहद गंभीर और विस्फोटक हो सकती थी। फिलहाल आग बुझने के बाद कूलिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और औद्योगिक विकास निगम सुरक्षा मानकों की जांच कर रहा है।







