प्रार्थना सभा के दौरान चर्च में हंगामा, गाली-गलौज और धमकी; आरोपी पर एफआईआर
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है

जबलपुर,यशभारत। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान शहर के नेपियर टाउन स्थित क्राइस्ट चर्च कैथेड्रल में हंगामे की स्थिति बन गई। घटना के बाद ओमती पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 9 बजे चर्च में प्रार्थना सभा चल रही थी, जिसमें लगभग 150 से 200 श्रद्धालु मौजूद थे। इसी दौरान मंच से सभा को संबोधित कर रहे ब्रूसली तगादुरई के बीच में लेडली मैथ्यू नामक व्यक्ति चर्च के अंदर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि लेडली मैथ्यू पहले क्राइस्ट चर्च बॉयज स्कूल के प्राचार्य रह चुके हैं, लेकिन वर्तमान में उनका चर्च समिति से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी अचानक मंच पर पहुंच गया और माइक लेकर सभा में व्यवधान उत्पन्न करने लगा। जब वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने ब्रूसली तगादुरई और फिलिप पमर के साथ झूमाझपटी कर दी तथा अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे चर्च परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया कि चर्च सदस्यों द्वारा बाहर निकाले जाने के करीब 15 मिनट बाद आरोपी फिर वापस लौटा और दोबारा अंदर आने की कोशिश करते हुए वहां मौजूद लोगों को अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान नवीन कक, नितिन बाघ, फिलिप पमर, एलएम साठे, जैनी परिहार, अल्फ्रेड पोटिक और मेशक तगादुरई सहित कई लोग मौजूद थे, जिन्होंने पुलिस को बयान दिए हैं।
शिकायत के आधार पर ओमती थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 0135/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296(ए) और 351(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।







