दुर्गा उत्सव समितियों में दिखा श्रद्धा भक्ति भाव का संगम

दुर्गा उत्सव समितियों में दिखा श्रद्धा भक्ति भाव का संगम
– बारिश भी कम नहीं पा रही श्रद्धालुओं का उत्साह
भोपाल यश भारत। भोपाल में नवरात्र के अवसर पर विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियाँ दशकों से भव्य आयोजन करती आ रही हैं। इस बार भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में पारंपरिक ढंग से देवी दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। प्रतिमाओं को देखने लोगों की भीड़ उमड़ रही है। रोजाना आयोजन किए जा रहे रहे हैं। जिसमें शामिल होने वाले लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से अवस्थाएं जरूर हुई लेकिन लोगों का उत्साह बना रहा। भक्ति भाव से लोग आयोजनों में शामिल हुए।
नवयुवक उत्सव समिति – 25 वर्षों से निरंतर स्थापना
तीन मंज़िला पुलिस लाइन, जहांगीराबाद स्थित नवयुवक उत्सव समिति पिछले 25 वर्षों से लगातार दुर्गा प्रतिमा की स्थापना कर रही है। समिति के अध्यक्ष कृष्णा गाडगे ने बताया कि इस बार भी समिति ने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ देवी दुर्गा की आराधना का भव्य आयोजन किया है। बच्चों और युवाओं के लिए विशेष सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं।
मित्र मंडल दुर्गा उत्सव समिति – 38 वर्षों की परंपरा
पुरानी विधानसभा शास्त्री मार्केट, मिंटो हॉल के सामने स्थित मित्र मंडल दुर्गा उत्सव समिति 38 वर्षों से लगातार प्रतिमा स्थापित कर रही है। अध्यक्ष सुमित बाथम के नेतृत्व में इस बार समिति ने पर्यावरण के अनुकूल सजावट और महिला सहभागिता पर विशेष ध्यान दिया है। पूजा-पाठ के साथ ही समिति ने भजन, गरबा व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला तैयार की है।
श्री नव दुर्गा उत्सव समिति – 30 वर्षों की निरंतरता
दुर्गा चौक, लीली चौराहा, बरखेड़ी, भोपाल स्थित श्री नव दुर्गा उत्सव समिति 30 वर्षों से लगातार दुर्गा प्रतिमा की स्थापना कर रही है। इस बार समिति ने स्थानीय कलाकारों को मंच देने का निर्णय लिया है। सजावट में पारंपरिक और आधुनिकता का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। समिति के सदस्य बताते हैं कि श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई है।
सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति – 75 वर्षों की ऐतिहासिक परंपरा
कुमारपुर, जिंसी, जहांगीराबाद की सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति इस क्षेत्र की सबसे पुरानी समिति मानी जाती है। यह समिति 75 वर्षों से लगातार प्रतिमा स्थापना कर रही है। इस बार 20 फ़ीट ऊँची प्रतिमा आकर्षण का मुख्य केंद्र है। समिति ने समाजसेवा को भी आयोजन से जोड़ा है, जिसमें रक्तदान शिविर और नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जा रहे हैं।
सामाजिक और सांस्कृतिक संदेश
इन समितियों के प्रयास से नवरात्र का पर्व केवल धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक समरसता का उत्सव भी बन गया है। शहरवासी पारंपरिक गरबा, भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों व सेवा कार्यों के माध्यम से देवी दुर्गा की आराधना के साथ समाज में एकता और सहयोग का संदेश दे रहे हैं।







