जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

जनशताब्दी गाड़ी से उतरने के बाद मदन महल स्टेशन पर दिल दहला देने वाला हादसा, पटरी पार करते 6 लोग मालगाड़ी से टकराए, एक महिला की मौत — स्टेशन पर कोहराम

जबलपुर यश भारत। शनिवार रात मदन महल रेलवे स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस से उतरने के बाद प्लेटफॉर्म बदलने की कोशिश में छह लोग मौत और जिंदगी के बीच फंस गए। फुटओवर ब्रिज का उपयोग करने के बजाय पटरी पार करते समय अचानक आई मालगाड़ी ने सभी को अपनी चपेट में ले लिया।  स्टेशन पर हुये हादसे में घायल हुये व्यक्तियों में से एक महिला की मृत्यु हो गई । घटना में छह लोग घायल हुये हैं, जिन्हें उपचार के लिये मेडिकल भेजा गया। एक चार साल के एक बच्चे की हालत गम्भीर है, उसे मेडिकल कॉलेज के न्यूरो सर्जरी विभाग में शिफ्ट किया गया है। शेष चार घायलों की हालत सामान्य है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं। एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं…..

मृतक महिला का नाम-पुष्पा सोंधिया उम्र 30 वर्ष 

चार घायलों की हालत सामान्य बताई गई है । गम्भीर रूप से घायल चार वर्ष के बच्चे को मेडिकल कॉलेज के न्यूरो सर्जरी विभाग में शिफ्ट किया गया है। 

              घायलों के नाम

1 – शिवानी पटेल पति राहुल पटेल उम्र 22 वर्ष निवासी मुड़िया दादा महाराज, जिला नरसिहपुर.

2 – नन्ही बाई पति गुलाब सिंह लोधी उम्र 40 वर्ष, नयाग्राम, जिला नरसिंहपुर

3 – रीति पटेल पिता राहुल पटेल, उम्र 4 वर्ष, जिला नरसिंहपुर

4 – इंद्रजीत पटेल पिता राहुल पटेल उम्र 2 वर्ष जिला नरसिंहपुर

जनशताब्दी से उतरकर जल्दबाज़ी में पटरी पार की

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जनशताब्दी गाड़ी से उतरे यह यात्री प्लेटफॉर्म नंबर-1 से प्लेटफॉर्म नंबर-4 की ओर जाने के लिए जल्दी में थे। इसी जल्दबाज़ी में बिना सोचे-समझे पटरी पर कदम रख दिए। तभी तेज रफ्तार मालगाड़ी ट्रैक से गुजरी और पलक झपकते ही चीख-पुकार और लहूलुहान दृश्य बन गया।

घटना से स्टेशन कांप उठा

हादसा इतना भीषण था कि कुछ क्षणों के अंदर ही पूरा स्टेशन मातम में बदल गया। ट्रैक पर खून फैला हुआ था और घायल बच्चे व महिलाएं दर्द से कराह रहे थे। हादसे को देख लोग दहशत में आ गए।

डीआरएम मौके पर पहुंचे, रेलवे में हड़कंप

सूचना मिलते ही डीआरएम कमल कुमार तलरेजा घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों को जांच व सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए। यह हादसा रेलवे सुरक्षा प्रबंधन और यात्रियों की लापरवाही दोनों पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

फुटओवर ब्रिज छोड़ना बना मौत का रास्ता

रेलवे लगातार चेतावनियां जारी करता है कि पटरी पार करना प्रतिबंधित और जानलेवा है। इसके बावजूद लोग जल्दबाज़ी के चलते खतरे को आमंत्रित कर देते हैं, जिसकी कीमत एक परिवार ने जान देकर चुकाई।

स्टेशन पर मातम और आंसू

घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजन और प्रत्यक्षदर्शी सदमे की हालत में हैं। स्टेशन परिसर में अब भी सन्नाटा पसरा हुआ है।

जांच जारी…

रेलवे प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता का आश्वासन दिया है। हादसे की विस्तृत जांच जारी है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button