भोपाल पुलिस का खजूरी सड़क में जनसंवाद के जरिए सुरक्षा और यातायात पर मंथन

भोपाल पुलिस का खजूरी सड़क में जनसंवाद के जरिए सुरक्षा और यातायात पर मंथन
भोपाल, यश भारत। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से ग्राम फंदा (खजूरी सड़क क्षेत्र) में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की सुरक्षा, यातायात और अन्य मूलभूत समस्याओं पर चर्चा की।
ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था पर जोर
कमिश्नर ने मार्केट क्षेत्र में बढ़ती ट्रैफिक की समस्या और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर नागरिकों के सुझाव सुने। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन बचाने का माध्यम है। उन्होंने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया।
साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति का संदेश
संवाद के दौरान बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कैसे ठगी से बचा जा सकता है और संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी। साथ ही, युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के लिए सामाजिक सहयोग की अपील की गई।
प्रमुख संस्थानों की सुरक्षा होगी पुख्ता
क्षेत्र में स्थित प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों जैसे आईआईएसईआर, एसपीए, एनआईएनटी और म.प्र. पुलिस अकादमी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने खजूरी सड़क के ‘हॉटस्पॉट’ स्थानों का निरीक्षण किया और बीट एवं माइक्रो बीट व्यवस्था की समीक्षा की।
इनका कहना है…
पुलिस और जनता के बीच सतत संवाद ही अपराध मुक्त समाज की नींव है। स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करें।
संजय कुमार, पुलिस कमिश्नर, भोपाल







