मध्य प्रदेशराज्य

हत्या के प्रयास में फरार 2 आरोपी गिरफ्तार : पिस्टल-चाकू जब्त, पुलिस की कार्यवाही

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-सिवनी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के गंभीर मामले में फरार चल रहे कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजीत उपाध्याय, प्रबुद्ध शुक्ला तथा एक अन्य आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक कार, पिस्टल, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार हाल ही में सिवनी शहर में एक युवक पर सरेआम हमला कर उसकी हत्या का प्रयास किया गया था। इस घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी लगातार तलाश कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस की टीम गठित की गई थी।

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी पेंच टाइगर रिजर्व क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में दबिश दी और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक कार, एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अजीत उपाध्याय और प्रबुद्ध शुक्ला क्षेत्र के कुख्यात अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, हत्या का प्रयास और अन्य संगीन अपराध शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का शहर के प्रमुख मार्गों पर जुलूस निकाला, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बने और अपराधियों में पुलिस का खौफ दिखाई दे। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि आरोपियों से मामले को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की भी संभावना है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button