भोपालमध्य प्रदेश

एमएलए रेस्ट हाउस के बाहर कार टकराने पर मारपीट, विधायक पुत्र पर थाने में बेल्ट से पीटने का आरोप

एमएलए रेस्ट हाउस के बाहर कार टकराने पर मारपीट, विधायक पुत्र पर थाने में बेल्ट से पीटने का आरोप

भोपाल, यशभारत। राजधानी के अरेरा हिल्स स्थित विधायक विश्राम गृह के बाहर देर रात एक मामूली कार टक्कर ने हिंसक विवाद का रूप ले लिया। कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर के बेटे देवराज सिंह गुर्जर और कुछ स्थानीय युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांच अन्य के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

मामले में नया मोड़ तब आया जब गिरफ्तार युवकों की मां उषा यादव ने विधायक पुत्र पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। महिला का दावा है कि पुलिस उनके बेटों को पकड़कर अरेरा हिल्स थाने ले गई थी, जहाँ देवराज सिंह और उनके साथियों ने थाने के भीतर ही बेटों को बेल्टों से बेरहमी से पीटा।

दूसरी ओर, विधायक पुत्र देवराज सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने निवास की बालकनी में थे, तभी कुछ युवक शराब के नशे में रेस्ट हाउस के बाहर हंगामा कर रहे थे। जब उन्होंने युवकों को वहां से हटने के लिए कहा, तो वे गाली-गलौज और अभद्रता पर उतारू हो गए और उनके साथ छीना-झपटी की कोशिश की।

पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत यादवपुरा निवासी रोहन यादव और उसके भाई हनी की कार की एमएलए रेस्ट हाउस के पास खड़ी एक दूसरी गाड़ी से हल्की टक्कर के बाद हुई थी। अरेरा हिल्स थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए हैं। पुलिस घटनास्थल और थाने के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button