गैसाबाद में ब्यारमा नदी पर बना पुराना पुल क्षतिग्रस्त, बड़े वाहनों का आवागमन बंद होने से परेशान हो रहे वाहन चालक, जताया आक्रोश

पवई, यशभारत। सिमरिया के समीप गैसाबाद क्षेत्र में ब्यारमा नदी पर बना पुराना पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने बड़े वाहनों का आवागमन बंद कर दिया है। इससे आसपास के क्षेत्र की जनता और दमोह मार्ग से आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पुराने पुल के बगल में नया पुल लगभग एक वर्ष पूर्व ही बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन सिमरिया की ओर एप्रोच मार्ग का थोड़ा कार्य शेष रहने के कारण इसे अब तक चालू नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि दमोह की ओर से पुल पूरी तरह तैयार हैए जबकि दूसरी ओर मामूली काम के कारण उद्घाटन लंबित है। बड़े वाहनों के बंद होने से यात्रियों और वाहन चालकों को लगभग 50 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि जहां आम जनता के बड़े वाहनों को पुल से गुजरने से रोका जा रहा है, वहीं ठेकेदार के भारी डम्पर दिन.रात पुराने पुल से गुजर रहे हैं। इसे लेकर लोगों में भेदभाव की भावना उत्पन्न हो रही है। उनका कहना है कि यदि पुल असुरक्षित है तो सभी प्रकार के वाहनों के लिए समान नियम लागू होने चाहिए। क्षेत्रवासियों ने कई बार विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कियाए लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया। सिमरिया से गैसाबाद मार्ग लगभग एक वर्ष से प्रभावित है, जिससे आमजन निरंतर परेशान हैं। जनता ने प्रशासन और संबंधित विभाग से शीघ्र शेष कार्य पूर्ण कर नए पुल को चालू कराने तथा यातायात व्यवस्था सामान्य करने की मांग की है।







