भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में कांग्रेस की हुंकार: पुलिस और विधायक के बीच तीखी बहस, कार्यकर्ताओं और सुरक्षाबलों में धक्का-मुक्की

भोपाल में कांग्रेस की हुंकार: पुलिस और विधायक के बीच तीखी बहस, कार्यकर्ताओं और सुरक्षाबलों में धक्का-मुक्की

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का जवाहर चौक सोमवार को सियासी अखाड़ा बन गया। भारत और अमेरिका के बीच हुई हालिया ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस द्वारा आयोजित किसान महाचौपाल में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए। नेताओं ने आरोप लगाया कि इस डील के जरिए देश के किसानों, युवाओं और डेटा सुरक्षा को ताक पर रख दिया गया है।

पीएम ने देश को बेचा, अडानी की चिंता में डूबे: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील में प्रधानमंत्री ने देश के हितों का सौदा कर दिया है। इस समझौते से न केवल हमारे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को चोट पहुंचेगी, बल्कि देश का महत्वपूर्ण डेटा भी विदेशी हाथों में सौंप दिया गया है। राहुल ने अडानी मामले का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम 14 महीनों से कार्रवाई करने के बजाय केवल चिंता जता रहे हैं।

ट्रम्प के दबाव में झुकी सरकार: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के दबाव में आकर ऐसी शर्तें मानी गई हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को शर्मिंदगी उठानी पड़ी। उन्होंने कहा, देश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, लेकिन सरकार किसानों के खिलाफ फैसले लेकर देश को कमजोर कर रही है।

मैदान पर मचा घमासान: ACP और विधायक भिड़े
कार्यक्रम स्थल पर उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तराना (उज्जैन) से कांग्रेस विधायक महेश परमार और ACP उमेश तिवारी के बीच तीखी बहस हो गई। उज्जैन के जिला अध्यक्ष को अंदर जाने से रोका गया था। जिसके बा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कई बार झूमाझपटी हुई। डोम की क्षमता (50 हजार) भरने के बाद जगह न मिलने पर कई कार्यकर्ता पास के अटल पथ पर बिजली के तारों और खंभों पर लटककर नेताओं को सुनने की कोशिश करते दिखे।

ट्रैफिक हुआ बेहाल, डटे रहे कांग्रेसी
ट्रैफिक पुलिस ने जवाहर चौक, माता मंदिर और न्यू मार्केट की ओर ट्रैफिक डायवर्ट किया था, लेकिन भारी भीड़ के कारण शहर की रफ्तार थम गई। ACP ट्रैफिक अजय वाजपेयी के अनुसार, प्लेटिनम प्लाजा और वीआईपी रोड की ओर से एंट्री दी जा रही थी, लेकिन प्रवेश न मिलने से कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button