सावधान: 8वें वेतन आयोग के नाम पर सरकारी कर्मचारियों को लग रहा चूना, भोपाल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

सावधान: 8वें वेतन आयोग के नाम पर सरकारी कर्मचारियों को लग रहा चूना, भोपाल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
भोपाल, यश भारत। राजधानी में साइबर अपराधियों ने अब सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारियों को ठगने का नया तरीका निकाला है। अपराधी 8th Pay Commission Salary Calculator और नए वेतन की जानकारी देने के बहाने व्हाट्सएप और एसएमएस के जरिए खतरनाक APK फाइलें भेज रहे हैं। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने इस संबंध में एक विस्तृत एडवाइजरी जारी कर नागरिकों को सचेत रहने की सलाह दी है।
साइबर सेल के अनुसार, ठगों द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करते ही एक फाइल डाउनलोड होती है। इसे इंस्टॉल करते ही मोबाइल का पूरा नियंत्रण हैकर्स के पास चला जाता है। इसके बाद अपराधी आपके बैंक खातों से पैसे साफ कर देते हैं और आपके व्यक्तिगत डेटा (फोटो, वीडियो, मैसेज) का उपयोग ब्लैकमेलिंग के लिए भी कर सकते हैं।
🚔 पुलिस की अहम सलाह
अनजान लिंक से तौबा: किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक या फाइल को डाउनलोड न करें।
आधिकारिक स्रोत ही चुनें: वेतन आयोग या सरकारी नीतियों की जानकारी केवल अधिकृत सरकारी वेबसाइटों (gov.in) पर ही देखें।
संदिग्ध मैसेज की रिपोर्ट: यदि आपके पास ऐसा कोई मैसेज आता है, तो उसे तुरंत पुलिस को रिपोर्ट करें।
📞 यहाँ करें शिकायत
यदि आप किसी साइबर धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो तत्काल इन नंबरों पर संपर्क करें:
भोपाल साइबर हेल्पलाइन: 9479990636
राष्ट्रीय हेल्पलाइन: 1930
ऑनलाइन शिकायत: www.cybercrime.gov.in







