देश

शादी में ‘डॉगी ड्रामा’! पालतू कुत्ते से शुरू हुआ विवाद, टूटी शादी

खागा में कुर्सियां चलीं, 8 घायल

फतेहपुर,एजेंसी। उत्तर प्रदेश के खागा क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त रणक्षेत्र में बदल गया, जब पालतू कुत्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच कुर्सियां चलीं और हंगामे में आठ बाराती घायल हो गए। हालात इतने बिगड़े कि दूल्हे ने दुल्हन से विवाह करने से इनकार कर दिया। मामला अब पुलिस थाने पहुंच गया है।

बारात में कुत्ता छोड़ने पर भड़का विवाद

जानकारी के मुताबिक, दुल्हन पक्ष प्रयागराज से बारात स्थल पर पहुंचा था। 19 फरवरी को विवाह समारोह की रस्में पूरी हो चुकी थीं। आरोप है कि लड़की पक्ष अपने पालतू कुत्ते को साथ लाया और उसे खुले में छोड़ दिया। कुत्ते को बारातियों पर भौंकते देख लड़के पक्ष ने आपत्ति जताई और उसे बांधने को कहा। इसी बात पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।

कुर्सियां चलीं, महिलाएं भी घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ते ही दोनों ओर से कुर्सियां फेंकी जाने लगीं। मारपीट में महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

पहले प्रेम विवाह, फिर परिवार की सहमति

बताया जा रहा है कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों ने पहले मंदिर में विवाह किया और बाद में कोर्ट मैरिज भी की। इसके बाद परिवारों की सहमति से सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ शादी आयोजित की गई थी। लेकिन कुत्ते को लेकर हुए विवाद ने पूरे समारोह को बिगाड़ दिया।

कुत्ते को भगाने पर बढ़ा तनाव

सूत्रों के मुताबिक, कुत्ते के बारातियों को काटने और भौंकने की शिकायत पर लड़के पक्ष के कुछ लोगों ने डंडा लेकर उसे बाहर भगाया। इसी के बाद कहासुनी तेज हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

थाने पहुंचा मामला, जांच जारी

हंगामे के बाद दोनों पक्ष खागा कोतवाली पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। दूल्हे ने विवाह से इनकार कर दिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल खागा कोतवाली पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटी है, जबकि लड़की पक्ष ने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button