भोपाल

विधानसभा बजट सत्र के तीसरे दिन भी कांग्रेस विधायकों ने किया प्रदर्शन  * महात्मा गांधी प्रतिमा के समक्ष नारेबाजी

विधानसभा बजट सत्र के तीसरे दिन भी कांग्रेस विधायकों ने किया प्रदर्शन
* महात्मा गांधी प्रतिमा के समक्ष नारेबाजी
भोपाल, यश भारत । राज्य विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन भी विपक्षी दल कांग्रेस का विरोध जारी रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस के विधायक और पदाधिकारी विधानसभा परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने एकत्र हुए और तख्तियां बैनर लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
विधायकों ने बजट पेश होने से पहले ही सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर लिखा था गुल्लक खाली, दवा भरी ये कैसी आर्थिक तैयारी।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनता की मूलभूत जरूरतों को नजरअंदाज कर रही है और महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं तथा रोजगार जैसे मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठा रही। उनका कहना था कि बजट में आम जनता, किसानों और युवाओं के लिए प्रभावी प्रावधान किए जाने चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक गांधी प्रतिमा के समक्ष धरने की मुद्रा में बैठ गए और सरकार से जवाब की मांग करते रहे। नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि बजट में जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता नहीं दी गई तो उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विधानसभा परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और बाद में विधायक सदन की कार्यवाही में भाग लेने के लिए अंदर चले गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button