इंद्रा नगर से 2 लाख की चरस के साथ भूरा गिरफ्तार

इंद्रा नगर से 2 लाख की चरस के साथ भूरा गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भोपाल क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बैरागढ़ क्षेत्र के इंद्रा नगर से एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में अवैध चरस बरामद हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंद्रा नगर पंप हाउस के पास एक युवक अवैध मादक पदार्थ बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में क्राइम ब्रांच की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
2 लाख से अधिक की चरस बरामद
पूछताछ में युवक ने अपना नाम रंजीत मारन उर्फ भूरा (23 वर्ष), निवासी ग्राम बिसनखेड़ी (हाल पता बैरागढ़) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक काले रंग की पन्नी मिली, जिसमें 214 ग्राम अवैध चरस भरी हुई थी। जप्त की गई चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2,14,000/- रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और नगद राशि भी बरामद की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रंजीत मारन एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही बैरागढ़ और अन्य थानों में मारपीट, गाली-गलौज और आबकारी एक्ट (अवैध शराब) के कई मामले दर्ज हैं। वर्तमान मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20, 29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।







