कांग्रेस का नेशनल टेलेंट हंट लॉन्च, मीडिया विभाग के लिए नए चेहरों की तलाश

कांग्रेस का नेशनल टेलेंट हंट लॉन्च, मीडिया विभाग के लिए नए चेहरों की तलाश
28 फरवरी तक आवेदन प्रवक्ताओं व इन्फ्लुएंसर्स का होगा चयन
भोपाल, यशभारत। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने मीडिया विभाग को मजबूत करने के लिए नेशनल टेलेंट हंट अभियान की घोषणा की। इस पहल के तहत प्रवक्ता शोध आधारित वक्ता और सोशल मीडिया व क्षेत्रीय भाषाओं के इन्फ्लुएंसर्स का चयन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत विधानसभा स्तर से की गई है और चयन प्रक्रिया राष्ट्रीय स्तर तक चलेगी। प्रेस वार्ता में वरिष्ठ नेता मुकेश नायक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी तथा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मौजूद रहे। मुकेश नायक ने बताया कि यह टेलेंट हंट विशेष रूप से पार्टी के मीडिया विभाग के लिए है। इसमें स्थानीय और क्षेत्रीय भाषाओं में काम करने वाले इन्फ्लुएंसर्स भी भाग ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पारदर्शी होगी और योग्य प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक अवसर दिया जाएगा।
28 फरवरी अंतिम तिथि
जीतू पटवारी ने बताया कि इस अभियान में कांग्रेस कार्यकर्ता, मीडिया से जुड़े लोग तथा पार्टी की विचारधारा से सहमत नागरिक आवेदन कर सकते हैं। प्रदेश की मीडिया जनता की आवाज उठाती है। हम ऐसे लोगों को जोड़ना चाहते हैं जो तथ्य और शोध के साथ बात रखें , उन्होंने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 28 फरवरी है और प्रक्रिया में भाग लेने के लिए आवेदन करना अनिवार्य होगा।







