डायल-112 की तत्परता से 12 घायलों की बची जान

डायल-112 की तत्परता से 12 घायलों की बची जान
– मुख्यालय स्तर से जवानों को किया जाएगा पुरस्कृत
भोपाल, यश भारत। डायल-112 सेवा ने एक बार फिर आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उमरिया जिले में एक अनियंत्रित पिकअप वाहन पलटने से महिला व बच्चों सहित 12 लोग घायल हो गए। समय रहते डायल-112 टीम के पहुंचने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने से संभावित गंभीर परिणाम टल गए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे विलइत घाट स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में सवार सभी लोग पतरहटा से एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव अखड़ार लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 भोपाल को प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही थाना चंदिया क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। आरक्षक सुनील सिकरवार एवं पायलट विजय कुमार यादव कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने हालात का आकलन कर राहत कार्य प्रारंभ किया और गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक सहायता दी।
इसके बाद एफआरव्ही वाहन और उपलब्ध चिकित्सा सहायता से सभी 12 घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदिया पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। समय पर मिली चिकित्सा सुविधा से घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।







