छुट्टी के दिन सदन बुलाने पर हंगामा, 20 साल के लिए सर्विस ब्लॉक देने समेत 4 बड़े प्रस्तावों पर चर्चा

भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक: छुट्टी के दिन सदन बुलाने पर हंगामा, 20 साल के लिए सर्विस ब्लॉक देने समेत 4 बड़े प्रस्तावों पर चर्चा
भोपाल, यशभारत। राजधानी में शनिवार को भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक हंगामे के साथ शुरू हुई। अवकाश के दिन सदन का सम्मेलन बुलाए जाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने कड़ा विरोध जताया, वहीं विपक्ष ने शहर की बदहाल सड़कों और जनहित के मुद्दों को एजेंडे में शामिल न किए जाने पर तीखे सवाल उठाए। बैठक में नवनियुक्त निगम कमिश्नर और 12 एल्डरमैन का परिचय भी कराया गया।
परिषद की बैठक शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने छुट्टी के दिन सदन की बैठक बुलाए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने निगम एक्ट का हवाला देते हुए कहा कि अवकाश के दिन सदन का संचालन नियमों के विरुद्ध है। इस पर अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने आवश्यक समझाइश दी, जिसके बाद कार्यवाही आगे बढ़ाई गई। बैठक में महापौर मालती राय और हाल ही में पदभार संभालने वाले नए निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार भी मौजूद रहे। साथ ही, सरकार द्वारा नियुक्त किए गए 12 नए एल्डरमैन का सदन में औपचारिक परिचय कराया गया।
बदली हुई शर्तों के साथ पटल पर रखे गए 4 प्रमुख प्रस्ताव
बैठक में चार अहम प्रस्तावों पर चर्चा की जा रही है, जिन्हें पहले मंजूरी नहीं मिलने के बाद अब नए और संशोधित प्रावधानों के साथ दोबारा पेश किया गया है:
1. मुख्यालय का सर्विस ब्लॉक: निगम के नए मुख्यालय के सर्विस ब्लॉक को पहले सिर्फ 2 साल के लिए किराए पर देने का निर्णय था। अब इसकी अवधि बढ़ाकर 10 साल और अगले 10 साल के नवीनीकरण (कुल अधिकतम 20 साल) का प्रस्ताव रखा गया है।
2. सोन चिरैया हॉकर्स कॉर्नर: गर्ल्स कॉलेज के पास स्थित इस हॉकर्स कॉर्नर को किराए पर देने के पिछले प्रस्ताव पर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। अब नए प्रस्ताव में एजेंसी के लिए परिसर और आसपास 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और सुरक्षा गार्ड तैनात करने की अनिवार्य शर्त जोड़ी गई है, साथ ही 3+3 साल के नवीनीकरण का प्रावधान है।
3. अमृत 2.0 योजना: शहर में विकास कार्यों के लिए अमृत 2.0 योजना के तहत 493.49 करोड़ रुपए का बड़ा ऋण लेने का प्रस्ताव भी सदन के पटल पर है।
4. न्यू मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग: पार्किंग की चौथी मंजिल पर स्थित हॉल को किराए पर देने की तैयारी का प्रस्ताव भी चर्चा में शामिल है।
सड़कों की बदहाली और होर्डिंग्स पर घिरेगी निगम की कार्यप्रणाली
विपक्ष ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जताई कि बैठक के एजेंडे में शहरवासियों से जुड़े बुनियादी और जनहित के मुद्दों को जगह नहीं दी गई है। विपक्षी पार्षदों का कहना है कि बारिश के बाद शहर की कई अंदरूनी और मुख्य सड़कें बदहाल हो चुकी हैं, जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों का चलना दूभर हो गया है, लेकिन सड़क सुधार का मुद्दा एजेंडे से गायब है। इसके अलावा बैठक में वैध-अवैध होर्डिंग्स और निगम की कार्यप्रणाली को लेकर भी तीखी बहस हुई।







