जबलपुरभोपालमध्य प्रदेशराज्य

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने ली अपराध समीक्षा बैठक; लंबित केसों और महिला सुरक्षा पर दिए कड़े निर्देश

जबलपुर | जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आज पुलिस कंट्रोल रूम में जिले की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। दोपहर 2 बजे आयोजित इस बैठक में शहर, ग्रामीण और यातायात विभाग के आला अधिकारियों सहित सभी थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

Table of Contents

बैठक की मुख्य बातें और निर्देश:

गंभीर अपराधों का त्वरित निपटारा: SP ने हत्या, लूट, झपटमारी और SC/ST एक्ट जैसे गंभीर लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विवेचना में तेजी लाकर अपराधियों को सलाखें के पीछे भेजें।

महिला सुरक्षा सर्वोपरि: महिला संबंधी अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा गया है। SP ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसी शिकायतों पर संवेदनशीलता बरतें, तुरंत गिरफ्तारी करें और समय सीमा में चालान पेश करें।

गुमशुदा बच्चों की दस्तयाबी: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत गुमशुदा बालक-बालिकाओं की खोज के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए गए। यदि कोई सुराग जिले के बाहर का मिलता है, तो तत्काल टीम रवाना करने को कहा गया है।

वारंटियों पर शिकंजा: लंबे समय से फरार आरोपियों और स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने और उन पर इनाम घोषित करने के निर्देश दिए गए।

पैदल गश्त और अतिक्रमण: शाम के समय थाना प्रभारियों को बल के साथ बाजार क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग करने को कहा गया है। साथ ही, यातायात में बाधक बन रहे अवैध अतिक्रमण को नगर निगम के सहयोग से हटाने के निर्देश दिए ताकि जनता को सुगम यातायात मिल सके।

तकनीकी सुधार और सोशल मीडिया पर नजर

बैठक में CCTNS (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया गया। SP ने निर्देश दिए कि अपराधियों का पूरा डेटा (फोटो, मोबाइल नंबर, शारीरिक हुलिया) अद्यतन किया जाए। साथ ही, सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने, स्टंट वीडियो डालने और भड़काऊ पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

शिकायतों का निराकरण

सी.एम. हेल्पलाइन, जनसुनवाई और वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों के लंबित रहने पर SP ने नाराजगी जताई और प्राथमिकता के आधार पर इनका निराकरण करने का आदेश दिया। बैठक में उपस्थित अधिकारी: बैठक में ASP शहर आयुष गुप्ता, ASP जोन-2 पल्लवी शुक्ला, ASP ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और ASP यातायात अंजना तिवारी सहित सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button