टीटी नगर दशहरा मैदान में संविदा कर्मचारियों का महासम्मेलन, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किए बड़े ऐलान

टीटी नगर दशहरा मैदान में संविदा कर्मचारियों का महासम्मेलन, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किए बड़े ऐलान
यश भारत भोपाल। राजधानी भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान में आज राज्यस्तरीय संविदा अधिकारी कर्मचारी महासम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में संविदा अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। संविदा संयुक्त संघर्ष मंच और संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के बैनर तले आयोजित इस महासम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने मंच से संबोधित करते हुए संविदा कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया और बड़ा भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारियों की सभी मांगें पूरी की जाएंगी और इस संबंध में सभी विभागों के प्रमुख सचिवों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्ष 2023 की संविदा नीति को हर हाल में लागू किया जाएगा।
अपने संबोधन में डॉ. मोहन यादव ने कहा सरकार संविदाकर्मियों के हर हक के लिए खड़ी है। उनका दिल नहीं टूटने देंगे। उन्होंने संविदा कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, ई गवर्नेंस सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं के सफल संचालन में संविदाकर्मियों की अहम भूमिका रही है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार संविदा व्यवस्था में मौजूद विसंगतियों को दूर करेगी और कर्मचारियों को अधिकतम संभव लाभ देने की दिशा में काम करेगी। उनके आश्वासन के बाद उपस्थित कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखा गया।
महासम्मेलन में संविदा संयुक्त संघर्ष मंच के सह संयोजक सजल भार्गव ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री ने हमारी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है। हमें उम्मीद है कि सरकार अपने वादों को ज़मीन पर भी लागू करेगी।
कुल मिलाकर यह महासम्मेलन संविदा कर्मचारियों के लिए उम्मीद और भरोसे का मंच साबित हुआ, जहां सरकार ने उनके अधिकारों, भविष्य और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट प्रतिबद्धता जताई।







