भोपालमध्य प्रदेश

ऐशबाग पुलिस पर 2 लाख का जुर्माना: पूर्व विधायक की बेटी को ‘गुंडा’ बताने पर कोर्ट सख्त

ऐशबाग पुलिस पर 2 लाख का जुर्माना: पूर्व विधायक की बेटी को ‘गुंडा’ बताने पर कोर्ट सख्त

भोपाल, यशभारत: पड़ोसियों से हुए एक मामूली विवाद में शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला अधिवक्ता और पूर्व विधायक की बेटी वीणा गौतम को ‘गुंडा’ करार देना ऐशबाग थाना पुलिस को महंगा पड़ गया है। कोर्ट ने इस पूरी कार्रवाई को मनमाना और बेबुनियाद मानते हुए, तत्कालीन थाना प्रभारी अजय नायर और एसआई गौरव पांडेय पर कुल 2 लाख का हर्जाना अदा करने का आदेश दिया है।
अधिवक्ता वीणा गौतम पूर्व विधायक खूबचंद की बेटी हैं। उन्होंने पड़ोसियों से विवाद होने के बाद ऐशबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय, उल्टे वीणा गौतम और उनके पति के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने इससे भी एक कदम आगे बढ़ते हुए, अधिवक्ता दंपत्ति को ‘गुंडा लिस्ट’ में शामिल कर दिया। उन्होंने एसडीएम कोर्ट में दावा किया कि ये दोनों ‘आदतन अपराधी’ हैं और शहर में इतना खौफ पैदा करते हैं कि लोग शिकायत करने से डरते हैं।

एसडीएम ने खारिज किया पुलिस का दावा

एसडीएम नजूल शहर ने पुलिस द्वारा पेश किए गए दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच में पाया गया कि पुलिस के आरोप वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाते थे, और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि का कोई सबूत नहीं मिला। एसडीएम ने इस कार्रवाई को केवल आरोपों के आधार पर किया गया बताते हुए, पुलिस अधिकारियों को महिला अधिवक्ता को हर्जाना अदा करने का आदेश दिया।

जिला न्यायालय ने बरकरार रखा आदेश

निर्धारित समय में हर्जाने की रकम न मिलने पर, वीणा गौतम ने जिला न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। व्यवहार न्यायाधीश हेमलता अहिरवार ने एसडीएम के आदेश को पूरी तरह बरकरार रखा और दोनों पुलिस अधिकारियों को तुरंत ₹2 लाख की हर्जाना राशि चुकाने का निर्देश दिया। यह फैसला पुलिस की मनमानी कार्रवाई पर न्यायपालिका के सख्त रुख को प्रदर्शित करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button