
जबलपुर से इंडिगो की उड़ानें निरस्त, 5 फ्लाइट्स रद्द, यात्री परेशान
जबलपुर,यशभारत।मध्य प्रदेश में इंडिगो एयरलाइन की क्रू मेंबर्स की भारी कमी के कारण जबलपुर से भी उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। पिछले चार दिनों में, जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से संचालित होने वाली इंडिगो की कुल 6 में से 5 उड़ानें निरस्त कर दी गई हैं। यात्रियों को अचानक फ्लाइट रद्द होने के कारण भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें से कई लोग एयरपोर्ट पर लंबे समय से अपनी यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। इस समस्या के चलते यात्रियों में खासा गुस्सा है, जो सोशल मीडिया पर भी साफ तौर पर देखा जा सकता है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो स्टाफ की कमी के चलते देशभर में 500 से अधिक उड़ानें रद्द कर चुकी है, जिसका असर जबलपुर पर भी देखने को मिल रहा है। इंडिगो की ओर से अभी तक इस समस्या के समाधान या स्थिति सामान्य होने की समय सीमा के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांच लें और यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी रखें।







