ट्रैक्टर पलटने से दो युवकों की मौत,गांव में पसरा मातम
खेत की जुताई कर घर लौटते समय हुआ हादसा

जबलपुर यशभारत। बीती रात जिले के कुंडम थाना क्षेत्र के अंतर्गत सहदरा गांव में मंगलवार की रात उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब खेत की जुताई कर लौट रहे दो युवक ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत का शिकार हो गए। घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि गांव के ही रहने वाले 28 वर्षीय अशोक सिंह एवं 40 वर्षीय सतत सिंह ट्रैक्टर लेकर खेत खेत में जुताई का काम कर रहे थे। रात करीब 10 बजे के लगभग ट्रैक्टर लेकर घर लौटते समय अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। बताया जाता है कि कच्चे रास्ते पर मोड़ लेते समय ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह साइड में पलट गया। हादसे में दोनों युवक ट्रैक्टर के नीचे दब गए।ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों ने दम तोड़ दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतकों की पहचान गांव के रहने वाले दो युवकों के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने को हादसे का कारण माना जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कच्चे रास्तों की खराब हालत के कारण दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है।इस दर्दनाक हादसे ने गांव सहित पूरे क्षेत्र को शोक में डूबो दिया है।







