मध्य प्रदेशराज्य

BREAKING : युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, जमीनी विवाद में वारदात की आशंका

Table of Contents

सतना। रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के सिधौली गांव में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के ही कुछ लोगों ने एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बृजेश सिंह के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बृजेश अपने दोस्त कृष्ण कुमार के साथ बाइक से मटेहना से सिधौली लौट रहा था। तभी सिधौली के पास अचानक करीब दर्जनभर लोगों ने चलती बाइक पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बृजेश पर बेरहमी से लाठियों से प्रहार किए। घटना में कृष्ण कुमार भी घायल हुआ, लेकिन किसी तरह मौके से भागकर जान बचाई।

गंभीर रूप से घायल बृजेश सिंह को तत्काल सतना जिला अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

मृतक की बहन प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने बृजेश से 65 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। परिवार का कहना है कि इस हत्या के पीछे पुराना जमीनी विवाद ही मुख्य कारण है।

घटना की सूचना पर रामपुर बघेलान पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button