पुलिस अधीक्षक ने किया रांझी थाने का वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश
अपराधों की समीक्षा और पुलिसकर्मियों से संवाद

जबलपुर,यशभारत । पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने शनिवार को रांझी थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के मालखाने, हवालात, शस्त्र और सुरक्षा उपकरणों के रख-रखाव का बारीकी से जायजा लिया। एसपी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की शिकायतों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई कर उन्हें राहत पहुंचाई जाए। लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू और रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी मुख्य रूप से मौजूद रहे। एसपी उपाध्याय ने सबसे पहले थाने के महत्वपूर्ण रजिस्टरों और शिकायत डायरी की जांच की और देखा कि वे पूरी तरह अपडेट हैं या नहीं।
साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
एसपी ने थाने के सायबर हेल्प डेस्क का भी विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और मोबाइल गुम होने जैसी शिकायतों पर बिना देरी किए तत्काल एक्शन लेने की हिदायत दी। इसके साथ ही उन्होंने सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में आने वाली आम जनता की शिकायतों का समय सीमा के भीतर और संतुष्टिपूर्ण निपटारा करने को कहा।
अपराधों की समीक्षा और पुलिसकर्मियों से संवाद
थाने में दर्ज पुराने और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने विवेचना (जांच) अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि केसों का जल्द से जल्द निपटारा हो सके। निरीक्षण के अंत में उन्होंने थाने के स्टाफ से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। एसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिसकर्मियों की हर समस्या का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। थाने के अंदरूनी निरीक्षण के बाद उन्होंने बाहरी परिसर का भी जायजा लिया और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।







