रास्ता रोककर चाकू की नोक पर अवैध वसूली करने वाले पांच आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
माढोताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई,फरार आरोपी की तलाश जारी

जबलपुर,यशभारत। थाना माढोताल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए रास्ता रोककर चाकू की नोक पर अवैध पैसों की मांग करने वाले पांच आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार किया है। थाना माढोताल में 26 अक्टूबर 2025 को फरियादी सुशील सेन, निवासी श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि25 अक्टूबर की रात लगभग 9:45 बजे जब वह अपने साथियों अजय ताम्रकार, बसंत सिंह राजपूत एवं हरीश चंद के साथ घर लौट रहा था,तभी रिषी ठाकुर उर्फ भवानी और उसके साथी एक कार में आए और रास्ता रोककर शराब पीने के लिए ₹1000 की मांग की। फरियादी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और तलवार जैसी धारदार चाकू लेकर हमला करने की कोशिश की, जिससे डरकर लोग भागे और सुशील सेन को पैर में चोट आई। इस संबंध में थाना माढोताल में मामला पंजीबद्ध किया गया।
गिरफ्तार आरोपी

1. रिषी ठाकुर उर्फ भवानी, निवासी तेंदुखेड़ा दमोह (हाल दीक्षित कॉलोनी, जबलपुर)
2. राज उर्फ बेटू चौहान, निवासी राजा बड्डा, थाना माढोताल
3. प्रथम सिंह, निवासी कचनार सिटी, थाना विजयनगर
4. राज खाटुर उर्फ भवानी, निवासी मदर टेरेसा, थाना माढोताल
5. निहाल नायक, निवासी ग्रीन सिटी ड्रीमलैंड, थाना माढोताल
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अपने वर्चस्व का प्रदर्शन करने के उद्देश्य से घटना का वीडियो वायरल भी किया था।
टीम की कार्रवाई
थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने अपनी टीम के साथ लगातार पतासाजी की और सूचना मिलने पर पवन ढाबा पर घेराबंदी कर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों से एक-एक बटनदार चाकू बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि एक अन्य आरोपी नितिन ठाकुर अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
टीम की सराहनीय भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी नीलेश दोहरे,उप निरीक्षक गनपत मर्सकोले, सहायक उप निरीक्षक अशोक राय, विजय शुक्ला,
तथा आरक्षक सचिन, पुष्पराज और निकेश की सराहनीय भूमिका रही।







