देश

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी आग,सूझबूझ से 39 यात्रियों की बची जान

मुश्किल से यात्रियों को निकाला गया बाहर

लखनऊ,एजेंसी। लखनऊ में रविवार की तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस आग का गोला बन गई। बस दिल्ली से सवारियां लेकर गोंडा जा रही थी। घटना से मौके पर चीख पुकार मच गई। चालक-परिचालक ने आनन फानन सवारियों को बाहर निकाला। इससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, बस पूरी तरह जलकर ख़ाक हो गई। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।

Table of Contents

टायर फटने से हुआ हादसा

बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 80 से 90 की रफ्तार में चल रही थी, तभी पीछे का टायर अचानक फट गया। तेज आवाज आई और बस लहरा गई। ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक मारकर बस रोकी। वह नीचे उतरकर चेक कर रहा था, तभी पीछे की तरफ से धुआं उठने लगा। धुआं उठते देख ड्राइवर और क्लीनर घबरा गए। उन्होंने यात्रियों को चिल्लाकर बाहर बुलाया। सुबह का वक्त था, ऐसे में ज्यादातर यात्री सो रहे थे। कई यात्री बस में सामान छोड़कर बाहर भागकर आए। तब तक धुआं लपटों में तब्दील हो चुका था।

सूझबूझ से 39 यात्रियों की बची जान

घटना काकोरी थाना क्षेत्र में सुबह करीब 4:45 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा से लगभग 500 मीटर पहले की है। इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया बस चालक की सूझबूझ से 39 यात्रियों की जान बच गई। चालक ने बताया कि पिछले पहिए से धुआं उठता देखा तो गाड़ी को किनारे लगाकर रोक दिया। फिर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चालक-परिचालक और यात्रियों ने मिलकर बस में रखा सामान भी बाहर निकाल लिया।

हादसे के वक्त 40 यात्री सवार थे, सभी बाल-बाल सुरक्षित बच गए। आग इतनी भयंकर थी कि धुएं का गुबार दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। यात्रियों और आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि, आग नहीं बुझी।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

सूचना पर उपनिरीक्षक मोबीन अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों के साथ टीम भी पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। चौकी इंचार्ज टोल प्लाजा मोबीन अली ने बताया कि सभी 40 यात्री सुरक्षित हैं। किसी को कोई चोट नहीं आई है। दूसरी बस की व्यवस्था करके सभी को गंतव्य के लिए रवाना करा दिया गया है। घटना से कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर आवागमन बाधित रहा। लेकिन, पुलिस और यूपीडा कर्मियों की ने जल्द ही इसे सुचारू करा दिया।

छठ पर्व मनाने के लिए जा रहे थे घर

बस में ज्यादातर लोग दिल्ली और पंजाब से छठ पर्व मनाने के लिए घर जा रहे थे। हादसे में कई यात्रियों का सामान जल गया। घटना के बाद यात्री डर गए। बोले- छठी मैया ने बचा लिया, वरना जितना भयंकर हादसा था, किसी का बच पाना मुश्किल था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button