भोपाल

नगर निगम अध्यक्ष की दो टूक: ‘लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय में काम पूरा करें अधिकारी’

नगर निगम अध्यक्ष की दो टूक: ‘लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय में काम पूरा करें अधिकारी’

​एजेंडा में त्रुटि पर जताई कड़ी नाराज़गी, सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी

​भोपाल,यशभारत। ​नगर निगम भोपाल के अध्यक्ष  किशन सूर्यवंशी  ने आज निगम मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निगम के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी कार्यों का निष्पादन पूर्ण निष्ठा और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
​अध्यक्ष सूर्यवंशी ने विशेष रूप से जल व्यवस्था, साफ-सफाई और वर्षा ऋतु के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से इन व्यवस्थाओं को नियत समय सीमा में दुरुस्त कर शहर के नागरिकों को राहत पहुँचाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का एकमात्र उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। इसके लिए, कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और गति बनाए रखना अनिवार्य है। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जो अधिकारी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही करेंगे, उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
​बैठक के दौरान, नगर निगम सम्मिलन से पूर्व जारी एजेंडा में प्रश्नोत्तर संबंधी गंभीर त्रुटियाँ पाए जाने पर अध्यक्ष ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि भविष्य में एजेंडा तैयार करते समय पूर्ण सावधानी बरती जाए और सभी बिंदुओं का तथ्यात्मक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
सूर्यवंशी ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी गलती दोहराई गई तो संबंधित अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ​इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जहाँ निगम क्षेत्र से संबंधित प्रमुख विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button