नरसिंहपुर यशभारत। जंगल से वन्य प्राणियों के शिकार के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पुलिस ने उनके पास से 2 भारमार बंदूक सहित चितल का मांस भी काफी मात्रा में बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिले में अवैध हथियारों पर पूर्णत: अंकुश हेतु एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत अवैध शस्त्र रखने, बनाने, बेचने अथवा उनके उपयोग से संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही की जा रही है। जिले में अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए लगातार सूचनाएँ एकत्रित की जा रही हैं। इसी क्रम में 21 सितंबर को सूचना प्राप्त हुई कि थाना ठेमी अंतर्गत कुछ व्यक्तियों के पास बड़ी मात्रा में अवैध हथियार रखे हुए हैं। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष टीम का गठन कर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
गठित की गयी पुलिस टीम द्वारा मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना ठेमी अंतर्गत ग्राम घुघरी में आरोपियों के घर पर दबिश दी जाकर आरोपियों से गहनता से पूछताछ की गयी जिस पर आरोपियों द्वारा अपने पास अवैध रूप से रखी गैर लायसेंसी दो भरमार बंदूक बरामद करायी गयी। आरोपियों के पास अवैध मिलने पर उनसे और पूछताछ पर उनके द्वारा स्वीकार किया गया कि उनके द्वारा जंगल से एक चीतल का शिकार कर लाना बताया गया जिस पर तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में पका हुआ, कच्चा मांस एवं सींग को बरामद किया गया है। पुलिस ने कुमेर मलाह निवासी ग्राम घुघरी थाना ठेमी, नेतराम उर्फ नित्तू मलाह ग्राम घुघरी थाना ठेमी के कब्जे से दो भरमार बंदूक बारूद व चीतल का मांस एवं सींग जप्त कर धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट एवं धारा 50, 51 एवं 9 वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण पंजीवद्ध किया। उक्त कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया एवं एसडीओपी गोटंगांव मनीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ठेमी निरीक्षक प्रीति मिश्रा, सउनि देवसिंग पाल, सउनि राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अवधेश पटेल, कुलदीप सिंह ठाकुर, आरक्षक चंद्रप्रताप पटेल, सत्यम दुबे, दीपक राय, विजय वासुकी, सद्धार्थ मिश्रा, राजेन्द्र एवं थाना गोटेगाँव से उप निरीक्षक अभिषेक पटेल, ऋषिराज रजक, आरक्षक सुमित, पंकज, चालक आरक्षक अनिल टेकाम की मुख्य भूमिका रही है।