सिवनी यश भारत:-देश विदेश के पर्यटक सिवनी के प्रसिद्ध पेंच नेशनल पार्क में हजारों रूपये खर्च करके आते हैं और सफारी के दौरान कई बार ऐसा भी अवसर आता है जब उन्हें बाघ के दीदार नहीं होते और वे मायूस होकर लौटते हैं। लेकिन सिवनी जिले के केवलारी से उगली रोड स्थित रानी ताल क्षेत्र से होकर गुजर रही यात्री बस में बैठे लोग उस समय रोमांचित हो गये। जब उन्होंने देखा कि, एक बाघ उनकी बस से कुछ दूरी पर जंगल में चहलकदमी कर रहा है और जैसे-जैसे बस आगे बढ़ रही थी वह बाघ भी दौड़ लगाते हुये आगे बढ़ रहा था। देखने में आता है कि अक्सर ऐसे अवसरों पर बाघ जंगल में प्रवेश कर जाता है लेकिन यहाँ पर मामला कुछ और ही था। इस घटना को लेकर बताया गया कि, जंगल में जंगली जानवर जंगल से बाहर न आयें इसलिये वन विभाग ने फैंसिंग तार लगाये थे। जिसके कारण बाघ जंगल के अंदर नहीं जा पा रहा था और बस के किनारे-किनारे दौड़ लगा रहा था। यह बाघ फैंसिंग तार से बाहर आ गया था और वह जंगल के अंदर जाने के लिये दौड़ लगा रहा था।
बस में बैठे सभी यात्री यही कह रहे थे जो मजा जंगल सफारी या अन्य साधनों से जाकर बाघ के दीदार करने में नहीं आता है, वह आनंद आज इस बस यात्रा में आया।
Back to top button