‘शराब के जाम’ छलकाने सडक़ पर वाहनों का ‘जाम’ -शराब खरीदने वाले सडक़ पर कर देते हैं वाहन खड़ा, आम लोगों को हो रही परेशानी

‘शराब के जाम’ छलकाने सडक़ पर वाहनों का ‘जाम’
-शराब खरीदने वाले सडक़ पर कर देते हैं वाहन खड़ा, आम लोगों को हो रही परेशानी
भोपाल, यशभारत।
राजधानी के रायसेन रोड़ स्थित आनंद नगर चौकी के नजदीक शराब दुकान आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनाती जा रही है। यहां पर शाम होते ही शराब खोरी करने वाले अपने वाहन को सडक़ पर खड़ा कर देते हैं। जिससे वहां से वाहन का निकलना तो दूर लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। शराब दुकान के सामने हर शाम सडक़ पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है, वहीं पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक रायसेन रोड आनंद नगर पुलिस चौकी के पास मेन रोड पर शराब दुकान संचालित है। यहां पर हर शाम शराब खरीदने वाले सुराप्रेमियों का तांता लगा रहता है। शराब खरीदने आने वाले लोगों के लिए शराब दुकान के सामने वाहन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण सुराप्रेमी अपने वाहन दुकान के ठीक सामने मेन रोड पर यहां-वहां खड़ा कर देते हैं। जिससे भोपाल से रायसेन की ओर जाने वाली सडक़ पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। शराब दुकान पर घंटे भीड़ रहने के कारण शाम से लेकर रात करीब नौ बजे तक बड़े वाहनों के अलावा छोटे वाहन कार व आटो और बाइक का भी निकलना मुश्किल हो जाता है। आनंद नगर चौकी के सामने से लेकर शराब दुकान और उसके आगे तक वाहन रेंगते हुए जाते हैं।
पैदल चलना भी हुआ दूभर:-
स्थानिय लोग बताते हैं कि शराब दुकान के कारण अक्सर शाम होते ही सडक़ पर दोनों ओर शराब खरीदने वाले लोग अपने वाहन यहां-वहां खड़ा कर देते हैं, ऐसे में सडक़ पर भारी वाहनों का निकलना होता है। जब कोई व्यक्ति पैदल सडक़ पर निकलता है तो उसका चलना भी दूभर हो जाता है। अक्सर यहां पर सडक़ हादसे की स्थिति बनी रहती है। इस सडक़ पर फल व सब्जियों के ठेले भी लगते हैं। फल व सब्जी खरीदने वाले लोग पैदल सडक़ पार करते में डरते हैं।
पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई-
शराब दुकान के सामने सडक़ किनारे गलत तरीके से वाहन खड़ा कर शराब खरीदने के दौरान आम जनता को होने वाली परेशानी से पुलिस भी अंजान नहीं है। लेकिन चंद कदमों की दूरी पर स्थित आनंद नगर पुलिस चौकी के पुलिस अधिकारी व कर्मचारी सडक़ पर वाहन खड़े करने वाले लोगों को न तो रोकती है और न ही उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई करती है। जिससे की मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मत न हो और आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिम्मेदारी से पुलिस ने पल्ला झाड़ा-
दुकान के सामने पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है। समय-समय पर पुलिस सडक़ पर वाहन खड़े करने वाले लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करती है। स्थानिय लोगों और पार्षद ने भी जिला प्रशासन से शराब दुकान हटाने की मांग की है।
संतोष रघुवंशी, चौकी प्रभारी आनंद नगर






