भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार ट्रक पेड़ से टकराया, परिचालक की मौत

मंडला lनेशनल हाईवे-30 में मंडला-जबलपुर मार्ग के बीच कालपी और धनवाही गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में ट्रक के परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि ट्रक रायपुर से लोहे के पाइप लेकर जबलपुर की ओर जा रहा था, इसी दौरान यह दुर्घटना हुई। हादसे की जानकारी तत्काल बीजाडांडी पुलिस को दी गइ्र। घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी डायल 100 के पायलट उत्तम साहू और आरक्षक प्रमोद शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से चालक और परिचालक को बाहर निकाला। हालांकि तब तक परिचालक की मौत हो चुकी थी। बताया गया कि गंभीर रूप से घायल चालक को बीजाडांडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।






