भोपाल

शराब पीने से रोका तो एएसआई और आरक्षक से मारपीट-चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में, दो की तलाश जारी

शराब पीने से रोका तो एएसआई और आरक्षक से मारपीट

-चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में, दो की तलाश जारी

भोपाल। राजधानी में एक बार फिर बदमाशों ने दो पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर डाली। शनिवार रात बागसेवनिया थाना के एएसआई और एक आरक्षक नाइट गश्त पर थे। जब वह थाना मोबाइल वाहन से इलाके का भ्रमण कर रहे थे, तभी इलाके में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर खुुलेआम शराब पीने नजर आए। इस पर एएसआई और आरक्षक ने उन्हें शराब पीने से मना किया और अपने-अपने घर जाने को कहा तो आरोपियों ने उनके साथ झूमाझटकी कर मारपीट कर दी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और मारपीट का केस दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी अमित सोनी ने बताया कि नेहरू नगर पुलिस लाइन निवासी रिपूसूदन भदौरिया(48) पुलिस विभाग में सहायक उपनिरीक्षक(एएसआई) हैं। वह इन दिनों बागसेवनिया थाने में पदस्थ हैं। शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एएसआई रिपूसूदन और आरक्षक नरेश गुर्जर की नाइट ड्यूटी थी। रात करीब दो बजे वह थाना मोबाइल वाहन से इलाके का भम्रण कर रहे थे। तभी अरविंद बिहार कॉलोनी के पास चार लोग रास्ते पर खुलेआम शराब पीते हुए नजर आए। इस पर एएसआई और आरक्षक ने अपना वाहन रोका और उन्हें शराब पीने से मना करते हुए घर जाने को कहा। इसी बात से नाराज चारों आरोपियों ने एएसआई और आरक्षक से गाली-गलौच कर झूमाझटकी करते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पुलिसकर्मियों ने दो आरोपी संतोष अहिरवार और अशोक को धरदबोचा और थाने लगे आए। जबकि उनके साथी राजेश और प्रदीप भाग निकले। पुलिस ने आरोपी संतोष अहिरवार, अशोक, राजेश और प्रदीप के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली और मारपीट का केस दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। पत्थर मारकर ननि कर्मचारी का सिर फोड़ा- इधर, शाहजहांनाबाद इलाके में एक युवक ने पानी सप्लाई की बात को लेकर नगर निगम कर्मचारी के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। एएसआई दुलीचंद ने बताया कि मल्टी वाजपेयी नगर निवासी अमर सिंह(45) नगर निगम में दैनिक वेतनभोगी है। वह वाजपेयी नगर में पानी सप्लाई का काम देखता है। शुक्रवार शाम वह आसपास के इलाके में पानी सप्लाई कर रहा था। तभी मल्टी में रहने वाला रवि कनाडे नाम का युवक ने उससे कहा कि पहले हमारे घर में पानी सप्लाई करो। इस पर अमर सिंह ने कहा कि अभी तुम्हारे यहां सप्लाई का वक्त नहीं है। इसी बात से नाराज होकर रवि ने अमर सिंह के सिर पर पत्थर दे मारा। जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद घायल कर्मचारी ने अपना उपचार कराया और कल थाने पहुंच कर घटना की शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने व मारपीट समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button