शातिर चोर आंख से चुरा लेते थे सुरमा : अंतरराज्यीय गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार, करीब 9 लाख रुपए के जेवरात बरामद

सतनाl रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी की घटनाओं में लंबे समय से सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को सतना रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से लगभग 8 लाख 59 हजार रुपए के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
मुख्य आरोपी उमरिया का दीपक तिवारी निकला वांछित
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से मुख्य आरोपी दीपक तिवारी (24 वर्ष), निवासी उमरिया, पर ट्रेनों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह पिछले एक साल से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हैदराबाद, विजयवाड़ा तथा विशाखापत्तनम की पुलिस जुटी हुई थी। उसके साथ गिरफ्तार हुआ दूसरा आरोपी राजू कुशवाहा (26 वर्ष), निवासी मिर्जापुर, प्रयागराज का रहने वाला है।
चोरी के बाद ट्रेन के साथ चलती थी कार
पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रेन में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद स्टेशन से पहले उतर जाते थे और स्टेशन के बाहर पहले से खड़ी होंडा सिटी कार में सवार होकर फरार हो जाते थे। यह कार ट्रेन के समानांतर चलती थी ताकि किसी भी स्टेशन से तुरंत फरारी संभव हो सके।
गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी
सतना जीआरपी और आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी मारकुंडी रोड स्थित मिडकॉली घाटी क्षेत्र में एक कार के साथ मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दोनों को मौके पर दबोच लिया।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद की गई पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातें कबूलीं और उनके पास से भारी मात्रा में जेवरात बरामद किए गए। दोनों को सतना न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।







