अपहरण के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस पर हमला, दो की मौत, पांच गिरफ्तार

रीवा। इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले से, जहां एक युवक के अपहरण और हत्या के बाद भारी बवाल मच गया। पुलिस के गांव में आने पर आदिवासी समुदाय के लोगों ने जमकर हमला किया, जिससे हालात बेकाबू हो गए। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, वहीं तहसीलदार की हालत गंभीर बनी हुई है।

पूरा मामला मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गडरा गांव का है, जहां एक युवक का अपहरण कर उसे बंधक बनाया गया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद जब शाहपुर थाना प्रभारी संदीप भारतीय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि युवक को एक कमरे में कैद करके रखा गया है। स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्होंने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और भारी पुलिस बल के साथ कमरे को खुलवाने की कोशिश की। लेकिन इसी दौरान 200 से अधिक आदिवासी परिवार के लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया।
इस हमले में पुलिसकर्मियों समेत कई प्रशासनिक अधिकारी घायल हो गए। तहसीलदार की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बेकाबू होती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया।
इस हिंसक झड़प में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, पूरे जिले में धारा 163 लागू कर दी गई है और इलाके में पुलिस का कड़ा पहरा है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इन्होंने कहा….
– मऊगंज घटना दुर्भाग्यपूर्ण फिलहाल स्थिति नियंत्रण में हैl
साकेत प्रकाश पांडे कार्यवाहक आईजी ,रीवा संभाग







