अपडेट: कृष्णा माइंस में दूसरे मजदूर की भी मौत, घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने में जुटा माइंस प्रबंधन

कटनी। स्लीमनाबाद स्थित कृष्णा माइंस हुए हादसे में दूसरे मजदूर की मौत होने की ताजा जानकारी सामने आ रही है। सूत्र बता रहे हैं कि एक मृतक का शव तो पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल जबलपुर भेज दिया गया। जबकि दूसरे मृतक के शव का कुछ पता नहीं लगने दिया जा रहा। घटना के समय जो साथी मजदूर और कर्मचारी काम कर रहे थे उन सबको फिलहाल हटा दिया गया है या अन्यत्र भेज दिया गया है। माइंस प्रबंधन पूरी तरह से इस मामले में परदा डालने में जुट चुका है। हादसे को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश हो रही है।
जांच के लिए पुलिस की टीम माइंस में पहुंच चुकी है। यह भी पता चला है कि मृतक के परिजन भी कटनी आकर माइंस पहुंच चुके हैं। परिजनों को सीधी के रहने वाले बुद्धिमान कोल नामक व्यक्ति की मौत की जानकारी अन्य मजदूरों से लगी। बताया जाता है की बुद्धिमान कोल माइंस में मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। ऐसा बताया जा रहा है की माइंस में श्रमिक गेंग्सा मशीन पर काम कर रहे थे, उसी दौरान मार्बल का एक बड़ा टुकड़ा उस पर आकर गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में पास में काम कर दो अन्य मजदूर भी घायल हो गए। सूत्र बता रहे हैं कि बुद्धिमान कोल समेत अन्य दोनों घायलों को जबलपुर ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में एक की मौत हो गई। दूसरे घायल ने भी आज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक शव मेडिकल भेजा गया है। दूसरे का अभी पता नही। घायल भी कहां दाखिल है, इसकी जानकारी भी बाहर नहीं आने दी जा रही। सारी जानकारी पुलिस से छिपाई गई, लेकिन जब पुलिस को सुबह पता लगा तो पुलिस टीम जांच करने निमास स्थित कृष्णा माइंस पहुंची। पुलिस की जांच जारी है। उधर मृतक के परिजन था अन्य मजदूर आक्रोशित हैं।







