भोपालमध्य प्रदेश

विजयपुर स्टेशन पर मालगाड़ी के इंजन में लगी भीषण आग, ओएचई लाइन जलने से घंटों बाधित रहा रेल मार्ग

विजयपुर स्टेशन पर मालगाड़ी के इंजन में लगी भीषण आग, ओएचई लाइन जलने से घंटों बाधित रहा रेल मार्ग

भोपाल, यश भारत। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल के अंतर्गत मक्सी-रुठियाई रेल खंड पर शुक्रवार रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया। विजयपुर स्टेशन पर यूरिया से लदी एक मालगाड़ी के डीजल इंजन में अचानक भीषण आग लग गई। लपटें इतनी भयावह थीं कि उन्होंने न केवल इंजन को अपनी चपेट में लिया, बल्कि रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रीफिकेशन (OHE) लाइन को भी जलाकर खाक कर दिया। इस घटना के कारण भोपाल रेल मंडल की व्यवस्थाएं घंटों तक पटरी से उतरी रहीं।

विकराल लपटों ने ओएचई लाइन को किया क्षतिग्रस्त

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात विजयपुर स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के इंजन से अचानक धुआं और लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन (OHE) इसकी चपेट में आ गई और जलकर टूट गई। गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और वह यूरिया से लदे वैगनों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा धमाका या जनहानि हो सकती थी।

रेल यातायात रहा ठप, यात्री हुए परेशान

इंजन में आग लगने और ओएचई लाइन के क्षतिग्रस्त होने से इस रूट पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया। मक्सी-रुठियाई खंड पर चलने वाली कई यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों को बीच के स्टेशनों पर ही रोकना पड़ा। रेलवे के तकनीकी दल और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य शुरू किया। ओएचई लाइन टूटने के कारण विद्युत इंजनों का संचालन बंद रहा, जिसे बहाल करने में तकनीकी टीम को घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

जांच के घेरे में आग लगने का कारण

रेलवे प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। देर रात तक रेलवे की टीम ट्रैक क्लियर करने और बिजली लाइन को दुरुस्त करने के काम में जुटी रही। इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्थाओं और इंजनों के रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button