बाबा टोला में शराब बनी मौत की वजह, दोस्त हिरासत में, आरोपी अस्पताल में

जबलपुर,यशभारत। हनुमानताल थाना क्षेत्र के बाबा टोला में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुए सूरज चौधरी हत्याकांड में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए मृतक के दोस्त राजा को हिरासत में लिया है। वहीं घटना में घायल भूरा चौधरी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष चंद्र बघेल के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाबा टोला निवासी सूरज चौधरी (23) टेंट हाउस में काम करता था। रविवार दोपहर वह अपने दोस्त राजा के साथ वारदात स्थल पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान भूरा चौधरी वहां पहुंचा और दोनों से शराब मांगने लगा। शराब देने को लेकर हुए विवाद ने कुछ ही देर में उग्र रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान भूरा चौधरी ने चाकू निकालकर सूरज पर हमला कर दिया। चाकू के वार से सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भूरा वहां से भागने लगा। इसी दौरान राजा ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी, जिसमें भूरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों की स्थिति तथा घटनास्थल की जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के मुताबिक घटना के पीछे शराब को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस हिरासत में लिए गए राजा से पूछताछ कर रही है, जबकि अस्पताल में भर्ती भूरा चौधरी के स्वस्थ होने के बाद घटना के संबंध में आगे पूछताछ की जाएगी। मामले में पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है।







