72 सीट का टिकट, 48 सीट का झटका, रीवा एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, कई को नहीं मिली फ्लाइट में एंट्री
72 की जगह 48 सीट वाला विमान भेजा

72 सीट का टिकट, 48 सीट का झटका, रीवा एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, कई को नहीं मिली फ्लाइट में एंट्री
रीवा,,यशभारत। मध्य प्रदेश के रीवा एयरपोर्ट से एक चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है, जिसने यात्रियों को हैरान और नाराज़ दोनों कर दिया। दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में सीट कन्फर्म होने के बावजूद कई यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया, जिससे वहां भारी हंगामा खड़ा हो गया।
2 घंटे पहले पहुंची, फिर भी नहीं मिली एंट्री
अमरपाटन की एक युवती ने इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। युवती के अनुसार, उसने Alliance Air की फ्लाइट से दिल्ली जाने के लिए टिकट बुक किया था। वह निर्धारित समय से करीब 2 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंच गई थी, लेकिन बोर्डिंग के समय उसे यह कहकर रोक दिया गया कि उसके नाम का टिकट सिस्टम में मौजूद नहीं है।

टिकट दिखाने के बावजूद रोक दिया
युवती ने अपनी टिकट भी साझा की, जिसमें 3 मई की यात्रा दर्ज थी। फ्लाइट रात 9:05 बजे रीवा से उड़ान भरकर इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा रात 11:15 बजे पहुंचने वाली थी। लेकिन इसके बावजूद उसे और कई अन्य यात्रियों को फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया।
72 की जगह 48 सीट वाला विमान भेजा
मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि जिस फ्लाइट के लिए 72 सीटों की बुकिंग की गई थी, उसकी जगह 48 सीटों वाला छोटा विमान भेज दिया गया। इसी वजह से कई यात्रियों को जबरन बाहर कर दिया गया, जिससे एयरपोर्ट पर तीखी बहस और विवाद देखने को मिला।
यात्रियों में भारी नाराज़गी
यह समस्या केवल एक यात्री तक सीमित नहीं रही, बल्कि कई लोगों को इस अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
सेवा पर उठे सवाल
रीवा से दिल्ली के लिए 72-सीटर विमान सेवा की शुरुआत नवंबर में की गई थी, ताकि यात्रियों को सीधी और तेज सुविधा मिल सके। लेकिन इस घटना के बाद इस सेवा की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
👉 फिलहाल इस पूरे मामले में एयरलाइन या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।







