केएफ रूस्तमजी पुरस्कार से सम्मानित हुए मप्र पुलिस के 50 अधिकारी कर्मचारी

केएफ रूस्तमजी पुरस्कार से सम्मानित हुए मप्र पुलिस के 50 अधिकारी कर्मचारी
भोपाल यशभारत। मप्र पुलिस मुख्यालय द्वारा वर्ष 2020 के लिए प्रतिष्ठित केएफ रुस्तमजी पुरस्कार की घोषणा कर दी गई है। 50 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को यह पुरस्कार दिया जा रहा है। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए परम विशिष्ट, अति विशिष्ट और विशिष्ट श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया है। यह पुरस्कार मध्यप्रदेश शासन गृह विभाग द्वारा 22 अगस्त 2013 को प्रकाशित केएफ रूस्तमजी पुरस्कार नियम 2013 के प्रावधानों के तहत प्रदान किए गए हैं।
परम विशिष्ट श्रेण में तीन अधिकारियों को रिवाल्वर व प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश सहाय तत्कालीन जोनल पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा इंदौर (वर्तमान में पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त इंदौर), राजेश तिवारी तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर (वर्तमान में सेवानिवृत्त महिला सुरक्षा जबलपुर) ओम प्रकाश चौंगडे तत्कालीन उप निरीक्षक थाना मझगवां, सतना (वर्तमान में कार्यवाहक निरीक्षक, बड़वानी) को यह सम्मान मिला है। अति विशिष्ट श्रेणी में अधिकारी-कर्मचारी बारह बोर गन और प्रमाण पत्र से सम्मानित हुए हैं। इस श्रेणी में मनोज शर्मा निरीक्षक अनुभाग 3 विशेष शाखा मुख्यालय भोपाल
एवं ज्योति तिवारी तत्कालीन महिला आरक्षक अअवि (विशेष किशोर इकाई) सागर (वर्तमान में कार्यवाहक प्रधान आरक्षक) को सम्मानित किया गया है। इसी तरह विशिष्ट श्रेणी में 45 अधिकारी-कर्मचारी को 50000 और प्रमाण पत्र से पुरस्कृत किया गया। इस श्रेणी में सहायक पुलिस महानिरीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल हैं।
शालिनी दीक्षित (तत्का. सहायक पुलिस महानिरीक्षक), संदेश कुमार जैन (तत्का. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक), निशा रेड्डी (तत्का एसडीओपी), अवनीत शर्मा (तत्का. निरीक्षक), और संकेत शर्मा (सउनि, प्रशासन शाखा) जैसे अधिकारी शामिल हैं। पुरस्कार की राशि का भुगतान संबंधित अधिकारी/कर्मचारी की वेतन मद से किया जाएगा। विशिष्ट श्रेणी के पुरस्कार की राशि का आहरण उसी इकाई द्वारा किया जाएगा, जिसमें अधिकारी/कर्मचारी वर्तमान में पदस्थ हैं।






