10 साल से चकमा दे रहा हत्या का इनामी आरोपी दमोह से गिरफ्तार : 2017 में की थी निर्मम हत्या

सागर, यशभारत l सागर पुलिस ने गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना गढ़ाकोटा एवं रहली पुलिस की संयुक्त टीम ने वर्ष 2017 के एक चर्चित हत्या के प्रकरण में पिछले लगभग 10 वर्षों से फरार चल रहे ₹15,000 के इनामी मुख्य आरोपी को जिला दमोह से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, सागर रेंज द्वारा इस आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹15,000 का इनाम घोषित किया गया था।
क्या था पूरा मामला?
दिनांक 11 अप्रैल 2017 को फरियादी डोमन सिंह (पिता जीवन सिंह लोधी, उम्र 17 वर्ष, निवासी ग्राम चंद्रपुरा, थाना गढ़ाकोटा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पिता जीवन सिंह लोधी के साथ आरोपी राजकिरण लोधी एवं उसके तीन अन्य साथियों ने मिलकर बल्लम, कतरना और लाठियों से गंभीर मारपीट की थी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
फरियादी की शिकायत पर थाना गढ़ाकोटा में अपराध क्रमांक 160/2017 के तहत धारा 302, 307, 294, 323, 324, 325, 326, 506 एवं 34 भादवि के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, परंतु मुख्य आरोपी राजकिरण लोधी तभी से लगातार फरार चल रहा था।
विशेष रणनीति बनाकर दबोचा
पुलिस अधीक्षक सागर श्री संजीव सिंहा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वय श्री जयवीर सिंह भदौरिया व श्री नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में फरार इनामी आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई थी। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रहली के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने सतत प्रयासों और प्रभावी सूचना संकलन के आधार पर दिनांक 08 नवंबर 2026 को आरोपी राजकिरण लोधी (पिता सोवत सिंह लोधी, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम चंद्रपुरा, थाना गढ़ाकोटा) को दमोह से दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इस चुनौतीपूर्ण और महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में निम्नलिखित अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही: निरीक्षक गौरव सिंह तिवारी – थाना प्रभारी, थाना गढ़ाकोटा, सउनि संजय मिश्रा – थाना रहली,आरक्षक कौस्तुभ मणि पाठक (1124) – थाना गढ़ाकोटा,आरक्षक दिलीप दुबे (1363) – थाना रहली।
सागर पुलिस के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में संलिप्त और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि अपराधियों पर कानून का शिकंजा कसता रहे।







